LOVE THE NATURE...LOVE THE NATION

LOVE THE NATURE...LOVE THE NATION

Friday 12 August 2011

सिर्फ धागा नहीं, प्यार बांधिए!

    आज रक्षा बंधन है। विशेषत: भाई-बहन के स्नेह को समर्पित यह त्यौहार हर वर्ष श्रावण मास की पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। भारतीय संस्कृति में रिश्तों को जितनी महत्ता दी गई है, शायद और किसी समाज में नहीं। शायद इसीलिए भारतीय संस्कृति सर्वसम्पन्न है। और यह सिर्फ मेरा मत नहीं है, विश्वभर में अपनी धाक होने का दावा करने वाली पाश्चात्य संस्कृति के पैरोकार और विद्वान भी इस बात को यदाकदा दबी जुबान में स्वीकार कर जाते हैं। भारतीय शास्त्रों में हर दिन, हर त्यौहार एक खास उद्देश्य को लेकर बुना गया है। मूल रूप से ये सभी त्यौहार सामाजिक और पारिवारिक एकबद्धता और एकसूत्रता के सांस्कृतिक उपाय रहे हैं।
    रक्षा बंधन का त्यौहार भाई-बहन के रिश्ते की प्रगाढ़ता दर्शाता है। पूरे देश में भिन्न-भिन्न तरीकों और अनुष्ठानों से यह त्यौहार मनाया जाता है। त्यौहार का नाम हर जगह अलग हो सकता है, लेकिन भावना एक ही होती है। विदेशों में भी भारत जहां-जहां बसता है, संस्कृति की छाप अमिट रहती है। दूरियों के कारण राखी कलाई पर चाहे न बंध पाए, लेकिन रीति-रिवाजों का पालन करते हुए इसका आदान-प्रदान तो हो ही जाता है। 
    भाईयों की हर क्षेत्र में विजयश्री की कामना के साथ खुद की रक्षा किए जाने का संकल्प लेकर बहनों द्वारा बांधी जाने वाली राखी भी अब भौतिकवाद की भेंट चढ़ रही है।  राखी का धागा तो अब बेजोड़ सोने की शक्ल में कलाई पर बंधता है, लेकिन दिलों के धागों में जगह-जगह गांठ है। ऐसा नहीं है कि हमारे समाज में ऐसी परिस्थितियां एकाएक बन गई हैं। जाने-अनजाने हम आधुनिकता की अंधी दौड़ में रिश्तों का कत्ल करते जा रहे हैं। हम आधुनिक हो नहीं रहे हैं, लेकिन दिखावा करना चाहते हैं।
    वास्तव में हम 'पश्चिमÓ की चकाचौंध की ओर आकर्षित हो रहे हैं। हम लिव इन रिलेशनशिप की मांग करते हैं। समलैंगिकता को कानूनी मान्यता दिए जाने के पक्ष में उठ खड़े होते हैं। हमें 'वैलेन्टाइन डेÓ 'फ्रेंडशिप डेÓ, 'क्रिसमस डेÓ और लगभग हर डे तो याद है, लेकिन त्यौहार कई बार भूल जाते हैं। हर कोई संस्कृति और परंपराओं को रुढि़वाद करार देकर इससे किनारा कर रहा है। लेकिन हम यह भूल रहे हैं कि जिस चकाचौंध की ओर हम भागने को आतुर हैं, वहां लोगों की आंखें जल्द ही चौंधिया जाती हैं। वे अंधे हो जाते हैं और उसके बाद उन्हें 'स्वÓ के सिवाय कुछ नहीं दिखता।
    एक सुखद बात यह है कि हम अभी भी रक्षा बंधन जैसे त्यौहार मनाते हैं। जरूरत इतनी ही है कि शिद्दत के साथ त्यौहार मनाया जाए। आधुनिक होना अच्छा है लेकिन रिश्ते अनमोल हैं। हम उस संस्कृति के पैरोकार हैं जिसने हजारों साल पहले 'विश्व एक हैÓ की बात कही थी, जिसे 'पश्चिमÓ ने व्यापारिक दृष्टि से अनुकूल मानते हुए अब अमल में लाने पर जोर दिया है। फिर हम अपने त्यौहारों को उनके लिए गौण क्यों करें, जो अभी हमसे हजारों साल पीछे चल रहे हैं। 

No comments:

Post a Comment